महोबा। चरखारी क्षेत्र के भटेवराकलां गांव में विवाद की सूचना पर चाचा-भतीजे को गौरहारी पुलिस चौकी लाकर बेरहमी से पीटने के मामले में एसपी ने चौकी प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया है। सीओ कुलपहाड़ की जांच रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गांव निवासी घासीराम ने बताया कि भाई नरसिंह के मकान के सामने भवन निर्माण सामग्री व सरिया पड़ी थी। 27 जून की दोपहर पड़ोसी वृंदावन की पत्नी रामरती ने परिवार की महिलाओं के साथ गाली गलौज की। बाद में गौरहारी चौकी में झूठी शिकायत की। मामले में रामरती ने उसके बेटे भारत का नाम लिख दिया जबकि उसका बेटा पनवाड़ी में था।
29 जून को चौकी नरसिंह व उसके भतीजे भारत को चौकी ले गए। आरोप है कि पुलिस ने उनका शांतिभंग में चालान कर दिया। साथ ही 10 हजार रुपये मांगे। मांग पूरी न होने पर चौकी प्रभारी और पुलिसकर्मियों ने दोनों की पिटाई की। पीड़ित ने शिकायत एसपी शशांक सिंह से की। एसपी ने बताया कि गौरहारी चौकी प्रभारी बृजकिशोर शुक्ला को लाइन हाजिर किया गया है।