मुस्करा (हमीरपुर)। थानाक्षेत्र के ऐंझी गांव में बुधवार दोपहर एक कच्चा घर ढहने से वहां मौजूद वृद्धा उसमें दब गई। मौके पर मौजूद परिजन उन्हें निकाल कस्बे की सीएचसी लाए। जहां से उन्हें उरई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। रास्ते में वृद्धा ने दम तोड़ दिया। परिवार में शादी कार्यक्रम होने के चलते खुशियां मातम में बदल गई। ऐंझी गांव निवासी चंदा अनुरागी ने बताया कि बृहस्पतिवार को चचेरी भतीजी खुशबू का मंडप है। इसके चलते सारे रिश्तेदार आए हैं। बुधवार की दोपहर उनकी मां राजरानी (60) घर के अंदर कच्चे कमरे में बैठी कुछ कर रही थी। तभी कच्चा कमरा भरभरा कर गिर गया। इसमें वह दब गई।
घर में सभी लोग मौजूद थे। मलबा हटाकर मां को किसी तरह बाहर निकाला और तुरंत कस्बा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाए। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद हालत नाजुक देखते हुए उरई मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। उरई मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। उन्होंने पुलिस को सूचना नहीं दी और शव का मेडिकल परीक्षण नहीं कराया। बिना मेडिकल परीक्षण कराए ही मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया। थाना प्रभारी योगेश तिवारी ने बताया कि उक्त मामले में कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है।