तहसील में प्रदर्शन करती गुलाबी गैंग का प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
विकासखंड कबरई के ग्राम नहदौरा के कोटेदार द्वारा तहसील दिवस में अफसरों के सामने राशन कार्ड फाड़ने का मामला तूल पकड़ गया है। उपभोक्ताओं की तहरीर पर दर्ज हुए मुकदमे के बाद शुक्रवार को गुलाबी गैंग की महिलाओं ने गिरफ्तारी की मांग को लेकर तहसील में प्रदर्शन किया। यदि दो दिन के अंदर कोटेदार को गिरफ्तार कर जेल न भेजा गया और राशन की दुकान निलंबित न की गई तो 13 जून से गुलाबी गैंग अनशन करेगी।
गौरतलब है कि सदर तहसील में मंगलवार को आयोजित जिला स्तरीय तहसील दिवस में ग्राम नहदौरा के दो दर्जन से अधिक उपभोक्ता ने कोटेदार की मनमानी की शिकायत की तो बौखलाए कोटेदार ने जितेंद्र व ललित के राशन कार्ड अधिकारियों के सामने ही फाड़ दिए थे। उपभोक्ताओं की तहरीर पर कोटेदार चंद्रपाल के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था।
कोटेदार की गिरफ्तारी न होने और ग्राम नहदौरा के राशन कार्ड धारकों को खाद्यान्न न मिलने से गुुलाबी गैंग भड़क उठी। जिला कमांडर फरीदा बेगम के नेतृत्व में दो दर्जन से अधिक महिलाओं ने तहसील में प्रदर्शन कर नारेबाजी की। उन्होंने एसडीएम सुशील प्रताप सिंह को ज्ञापन सौंप दो दिन के अंदर कोटेदार की गिरफ़्तारी कराने और राशन की दुकान निलंबित कराए जाने की मांग की।