जल बचाओ अभियान के तहत तालाबों के गहरीकरण और सिल्ट सफाई के कार्य में तेजी लाने के लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी वीरेश्वर सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कार्पोरेशन ने बताया कि जिले के 50 तालाबों का जीर्णोद्धार दो यूनिटों के माध्यम से प्रारंभ करा दिया गया है। जिसमें 22.58 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी।
बैठक में सिंचाई विभाग के अधिशाषी अभियंता ने बताया कि मौदहा बांध यूनिट में ब्लाक कबरई के 22, चरखारी के 8, जैतपुर के 5, पनवाड़ी ब्लाक के एक तालाब की खुदाई का काम प्रारंभ करा दिया गया है। लघु सिंचाई विभाग के अधिशाषी अभियंता ने बताया कि दो करोड़ की लागत से आठ तालाबों का जीर्णोद्धार किया जाना है।
अभी कार्य शुरू नहीं हुआ है।
अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग जिन तालाबाें की खुदाई कर रहे हैं, उनकी सूची उपलब्ध कराएं। साथ ही मौके पर डिस्प्ले बोर्ड लगवाए जाएं। तालाबों की पैमाइश लेखपाल, कानूनगो से कराई जाए। जिलाधिकारी ने तालाब खुदाई के समय मिट्टी नालों के ऊपर न डालने के निर्देश दिए।
अन्यथा की स्थिति में रिकवरी कराई जाएगी। तालाब की मेड़बंदी बनाकर पौधरोपड़ कराया जाए। उन्होंने किड़ारी तालाब की खुदाई कराने वाली कार्यदाई संस्था मौदहा यूनिट को प्राथमिकता से खुदाई कराने के निर्देश दिए। कहा कि यदि तालाब के अंदर पट्टे हैं, तो उन्हें निरस्त किया जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शिवनारायण, एडीएम संतोष कुमार राय, एसडीएम एसपी राय आदि मौजूद रहे।