महोबा। ब्लॉक जैतपुर के कमालपुरा गांव में लगे मेले में आयोजित कबड्डी के फाइनल में स्वासा और खोड़ा टीम के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। अंतिम समय में खोड़ा की टीम ने एक अंक से स्वासा को हराकर फाइनल जीत लिया। विजेता व उप विजेता को मुख्य अतिथि ने शील्ड और नकद पुरस्कार से सम्मानित किया।
कमालपुरा गांव में चल रही तीन दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का सोमवार को समापन हो गया। स्वासा व खोड़ा के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्तकर मुख्य अतिथि टोला ग्राम प्रधान जयपाल और मगरिया प्रधान जीतेंद्र ने फाइनल मुकाबला शुरू कराया। बराबरी पर रहने के बाद अंतिम समय पर खोड़ा की टीम ने एक अंक हासिल कर मुकाबला जीत लिया। जिससे खोड़ा ने 15 व स्वासा ने 14 अंक प्राप्त किए।
जैलवारा प्रधान अशोक यादव और लाड़पुरा प्रधान प्रकाश राजपूत ने विजेता टीम के कप्तान संदीप को शील्ड के साथ 3,100 रुपये व प्रत्येक खिलाड़ी को चांदी का सिक्का दिया जबकि उपविजेता को शील्ड के साथ 1,500 रुपये व प्रत्येक खिलाड़ी को चांदी की अंगूठी देकर पुरस्कृत किया। इस मौके पर प्रधान मनोज राजपूत, राजेंद्र, संदीप मौजूद रहे।