कुलपहाड़ (महोबा)। कस्बे में चल रहे जलविहार मेले में आयोजित जनपद स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में 22 टीमों ने प्रतिभाग कर दमखम दिखाया।
फाइनल मुकाबले में कुलपहाड़ ने सौरा टीम को हराकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। आयोजन समिति की ओर से विजेता और उपविजेता टीमों को शील्ड व नकद धनराशि देकर पुरस्कृत किया गया।
तहसील मैदान में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में चार राउंड में मुकाबले खेले गए। पहले सेमीफाइनल में सौरा सीनियर टीम ने स्वासा टीम को 28-18 के अंतर से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
दूसरे सेमीफाइनल में कुलपहाड़ ने सौरा जूनियर टीम को 31-12 के अंतर से हराकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में कुलपहाड़ और सौरा सीनियर टीम के बीच कड़ा मैच हुआ। पहले हाफ में कुलपहाड़ के खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए बढ़त बना ली।
दूसरे हाफ में लगातार अंक अर्जित कर कुलपहाड़ टीम 30-13 के अंतर से विजेता बनीं। मैच में रेफरी सुनील राजपूत, जितेंद्र मिश्रा, लकी शर्मा व आशीष यादव रहे। दिनेश पांचाल उदघोषक रहे।
नगर पंचायत अध्यक्ष वैभव अरजरिया ने विजेता टीम को 7,001 व ट्रॉफी और उपविजेता को 5,001 रुपये का नकद पुरस्कार व ट्रॉफी सौंपी।