महोबा। भीषण गर्मी में जैतपुर वासियों की प्यास इंद्रपाल रिछारिया बुझा रहे हैं। वह टैंकर से मोहल्लों में निशुल्क पानी पहुंचा रहे हैं। शादी-ब्याह व अन्य कार्यक्रम होने पर वह अपना टैंकर भेज रहे हैं।
कस्बा जैतपुर निवासी इंद्रपाल रिछारिया छह वर्षों से समाज हित में कार्य कर रहे है। माह मई में जल स्तर खिसकने और हैंडपंपों के जवाब देने से 40 हजार की आबादी पानी के संकट से जूझ रही है। लोगों की समस्या को देखते हुए उन्होंने मोहल्लों में टैंकर से आपूर्ति शुरू करा दी है। जरूरत के हिसाब से दिन में पांच से छह चक्कर लगाए जा रहे हैं।
इंद्रपाल रिछारिया ने बताया कि छह वर्ष पहले उन्होंने अपने पिता जयपाल रिछारिया की पुण्यतिथि से समाजसेवा का संकल्प लिया था। जिससे वह पूरा करने का प्रयास कर रहे हैं। एक किसान के निजी बोरवेल से वह 100 रुपये प्रति टैंकर पानी खरीदते हैं और स्वयं ट्रैक्टर चलाकर टैंकर मोहल्लों में पहुंचाते हैं। उनके इस कार्य की हर कोई सराहना कर रहा है।