महोबकंठ। थाना क्षेत्र के रूरीकलां गांव में पिता ने बेटे के हिस्से की जमीन बेच दी। जमीन वापस मांगने पर दबंगों ने धमकी दी।
इससे आहत युवक ने पेट्रोल डालकर खुद को आग लगा ली। ग्रामीणों ने किसी तरह आग बुझाई। युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस जांच कर रही है। रूरीकलां गांव का गयाप्रसाद कुशवाहा ने गांव के ही एक व्यक्ति को जमीन व मकान बेच दिया। जब इसकी जानकारी उसके बेटे पवन कुशवाहा (27) को हुई तो उसने अपने हिस्से की जमीन वापस मांगी लेकिन विपक्षी उसे धमकाते रहे।
पहले जमीन वापसी के एवज में ढाई लाख रुपये की मांग की गई। अब पांच लाख रुपये मांगे जा रहे हैं। रविवार की शाम पवन विपक्षी के घर पहुंचा तो उसे धमकी दी गई। इससे आहत युवक ने विपक्षी के घर के दरवाजे ही शरीर पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। युवक को आग का गोला बना देख लोग दौड़ पड़े और किसी तरह आग बुझाई। गंभीर हालत में उसे सीएचसी पनवाड़ी पहुंचाया गया। वहां से डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
आग से झुलसे पवन ने बताया कि उसकी पत्नी और दो बच्चे हैं। पिता ने एक लाख रुपये में जमीन बेच दी। अब वह कहां रहेगा। अपने हिस्से की जमीन मांगने पर विपक्षी धमका रहे हैं और अधिक रुपये की मांग कर रहे हैं। थानाध्यक्ष विनोद कुमार का कहना है कि पिता ने कुछ लोगों को जमीन बेच दी थी। इसी के चलते युवक ने आग लगाई है। घटना की जांच कराई जा रही है।