कुलपहाड़/श्रीनगर (महोबा)। जनपद हमीरपुर के गोहांड-चंडौत मार्ग पर टायर फटने से बोलेरो पलटने से मां व दो बेटियों की मौत के बाद शनिवार को तीनों शव महोबा के लाड़पुर गांव पहुंचे तो हर आंख नम हो गई।
हादसे के बाद पति बेसुध हो गया। जबकि घायल दो बेटियां बेहाल रहीं। शाम के समय एक साथ तीन अर्थियां उठने से पूरे गांव में मातम छाया रहा। वहीं, घर आई दुल्हन की विदाई के बाद होने वाली सभी रस्में रोक दी गईं।
थाना श्रीनगर के पिपरामाफ गांव निवासी साहब सिंह के बेटे गंभीर सिंह (चचेरा भाई) की शादी में शामिल होने कोतवाली कुलपहाड़ के लाड़पुर निवासी बहन आरती, अपनी चारों बेटियों व अन्य रिश्तेदारों के साथ जनपद जालौन गई थीं। शादी समारोह के बाद शुक्रवार को सभी लोग बोलेरो से लौट रहे थे। तभी गोहांड-चंडौत मार्ग पर टायर फटने से बोलेरो पलट गई थी।
इससे आरती और उनकी दो बेटियों अनुष्का व राधा की मौत हो गई। शनिवार को हमीरपुर में पोस्टमार्टम होने के बाद तीनों शव गांव पहुंचे तो लोगों के आंसू नहीं रुके। अंतिम संस्कार में पूरा गांव शामिल हुआ।
हर कोई मृतका की घायल दो अन्य बेटियों अनन्या और दीपिका को ढांढ़स बंधाता नजर आया। घटना के बाद से पति नीरज सुधबुध खो बैठा है। एक साथ तीन लोगों की मौत से अधिकांश घरों के चूल्हे भी नहीं जले।