अजनर (महोबा)। कस्बा अजनर में एक किशोरी ने फांसी लगाकर जान दे दी। किशोरी का शव मकान के कमरे में रस्सी के फंदे पर झूलता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है।
अजनर निवासी देवीदीन की पुत्री साधना उर्फ शारदा (17) शनिवार की सुबह घर पर थी। जबकि मां कूड़ा फेंकने गई थी। पिता छोटे भाई रोहित को इलाज कराने के लिए अस्पताल ले गए थे। इसी दौरान साधना ने पंखे के छल्ले से रस्सी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। जब परिजन लौटे तो साधना को फांसी पर लटकता देख उनके होश उड़ गए। आननफानन में किशोरी को फंदे से नीचे उतारकर इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर थाना अजनर के एसएसआई राम प्रताप पटेल ने परिजनों से घटना की जानकारी ली। पिता ने बताया कि घर में किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं हुआ। छोटा बेटा बाइक से गिर गया था। जिसका इलाज कराने वह अस्पताल गया था। एसएसआई का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद घटना के सही कारण स्पष्ट हो सकेंगे। (संवाद)