महोबा/अजनर। अजनर-नौगांव मार्ग में अचानक सड़क पर आए वनरोज से टकराकर दो बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जैतपुर ले गए लेकिन अस्पताल में डॉक्टर के मौजूद न होने से इलाज नहीं मिल सका, जिससे नाराज परिजनों ने नारेबाजी करते हुए हंगामा काटा। उन्होंने मामले की शिकायत एसडीएम से भी की और घायलों को मेडिकल कालेज झांसी ले गए।
कोतवाली कुलपहाड़ के ग्राम मगरौल निवासी सुरेंद्र (30) पुत्र आशाराम अपने साथी रज्जू (32) पुत्र रामभरोसे के साथ रविवार को बाइक से मध्यप्रदेश के कस्बा नौगांव गया था। शाम को वापस लौटते समय अजनर-नौगांव मार्ग में ग्राम फसानाबाद के समीप सड़क पर एकाएक वनरोज आ जाने से बाइक टकरा गई। दोनों घायलों को परिजनों की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जैतपुर लाए। जहां डॉक्टर गायब थे, जबकि एक कर्मचारी बैठा मिला।
घायलों का इलाज न होने और कर्मचारी द्वारा बाहर ले जाने की सलाह दिए जाने पर परिजन भड़क गए। उन्होंने पीएचसी के बाहर हंगामा काटते हुए विरोध जताया। मामले की जानकारी उपजिलाधिकारी कुलपहाड़ मोहम्मद उवैश को दी। एसडीएम ने जांच कराकर कार्रवाई का भरोसा दिया। बाद में परिजन घायलों को झांसी ले गए। उधर पीएचसी में तैनात प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. पीके सिंह से उनका पक्ष जानने की कोशिश की गई लेकिन मोबाइल नाट रीचबल बताता रहा।