महोबा। कोरोना मरीजों को लेकर विशेष सर्विलांस अभियान शुरू हो गया है। इसमें पोलियो की तर्ज पर घर-घर जाकर टीम कोरोना संदिग्ध मरीजों की पहचान कर रही है। गत दिवस शुरू हुए अभियान में लगी 281 टीमों ने अब तक 17,343 घरों का सर्वेक्षण कर 90,338 लोगों की जांच की है। इनमें ज्यादातर मधुमेह, ब्लड प्रेशर, कैंसर, हृदय, बुखार, खांसी व सांस रोगी पाए गए। बुखार, खांसी के साथ सांस लेने में दिक्कत वालों रोगियों के अलग से चिह्नित किया जा रहा है।
कोरोना के खिलाफ जंग लड़ने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कसी है। शासन के निर्देश पर जिले में डोर-टू-डोर लोगों के स्वास्थ्य की जांच की जा रही है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुमन ने बताया कि कोरोना संक्रमण की चैन को तोड़ने के लिए टीमें घर-घर जाकर प्रत्येक सदस्य की जांच कर रही है। जांच में यदि कोई कोरोना संदिग्ध मिलता है तो उसकी सैंपलिंग कर जिला अस्पताल जांच के लिए भेजा जाएगा। बताया कि विशेष सर्विलांस अभियान में जिले में 281 टीमें गठित की गई हैं। जांच में 116 मधुमेह के रोगी, 62 ब्लड प्रेशर, 10 कैंसर, 20 हृदय रोगी, 14 गुर्दे रोग से पीड़ित सहित बुखार के 24, खांसी के 56 व सांस के छह रोगी पाए गए। कहा कि शहरी क्षेत्र में 30 टीमें व छह सुपरवाइजर लगाये गए हैं। आवासीय भवनों, ऑफिस आदि में सैनिटाइजेशन भी कराया जा रहा है। टीमें लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग भी कर रही हैं। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. जीआर रतमेले ने बताया कि जिले में एक लाख 70 हजार घरों का लक्ष्य दिया गया है। अभियान 15 जुलाई तक चलेगा। हर टीम में दो सदस्य शामिल हैं। घर-घर जाकर टीमें न केवल कोरोना से बचाव के उपायों के संबंध में जागरूक कर रही हैं, बल्कि परिवार के सदस्यों से वैश्विक कोरोना महामारी रोग के लक्षणों तथा अन्य रोगों के बारे में जानकारी भी ले रही हैं।