श्रीनगर (महोबा)। ग्राम बरा में रविवार की रात चोरों ने एक घर से सोने-चांदी के जेवरात समेत नकदी पार कर दी। पीड़ित ने थाने में नामजद तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
ग्राम बरा निवासी धर्मेंद्र यादव अपनी पत्नी और बच्चों के साथ मकान के अंदर कमरे में सो रहा था। रात को मकान के पीछे से चोरों ने घर के अंदर प्रवेश किया और घर में रखे बक्से से सोने के आभूषण मंगलसूत्र, झुमकी, टॉप व 250 ग्राम चांदी के जेवर चोरी कर ले गए। इसी बीच पीड़ित की पुत्री की नींद खुल गई। उसने एक व्यक्ति को चारपाई के पास खड़ा देखा। उसने मां को कहा कि कोई अंदर घुसा हुआ है। मां के चिल्लाने पर चोर दीवार फांदकर भाग खड़े हुए। पीड़ित ने बताया कि लगभग एक लाख की कीमत के जेवर व 5,600 रुपये नगद चोर चोरी कर ले गए। पीड़ित गृहस्वामी ने धर्मेंद्र गांव के ही एक व्यक्ति के खिलाफ चोरी करने की तहरीर थाने में दी है। थानाध्यक्ष श्रीनगर वीरेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि प्रभारी को जांच के लिए भेजा गया है। जांच के बाद ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।