डिजिटल एक्स-रे कक्ष में लटकता ताला।
- फोटो : MAHOBA
महोबा। जिला अस्पताल की डिजिटल एक्स-रे मशीन 11 दिन से खराब है। एक्स-रे कक्ष में ताला लटकने से मजबूरी में मरीज निजी पैथोलॉजी का सहारा ले रहे हैं। सीटी स्कैन की रिपोर्ट छह घंटे बाद मिलने से मरीजों को दूसरे दिन उपचार कराना पड़ रहा है।
जिला अस्पताल में लाखों रुपये की लागत से दो साल पहले डिजिटल एक्स-रे मशीनें स्थापित कराई गईं थीं। 11 दिन से एक्स-रे मशीन खराब होने से कक्ष में ताला लटक रहा है। शुक्रवार को एक्स-रे कराने पहुंचे राम प्रकाश, राजेंद्र प्रसाद, मुन्नालाल ने बताया कि वह जिला अस्पताल में इलाज कराने गए थे। डॉक्टर ने एक्स-रे लिखा लेकिन कक्ष में ताला लटका मिला। मजबूरी में बाहर से एक्स-रे कराना पड़ा। उधर, जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरपी मिश्रा का कहना है कि कंप्यूटर में तकनीकी खराबी के चलते डिजिटल एक्स-रे मशीन बंद हैं। सादा मशीन से एक्स-रे किए जा रहे हैं। शिकायत भेजी गई है। एक-दो दिन में मशीन दुरुस्त हो जाएगी।