महोबा। कांग्रेस की प्रतिज्ञा रैली को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि यूपी में गोशाला चलाने वाले मोटे हो रहे हैं और गोमाता दुबली हो रही है। छत्तीसगढ़ में भी अन्ना गोवंश घूमते थे लेकिन हमने गोधन न्याय योजना से दो रुपये किलो गोबर खरीदना शुरू किया। जिससे वर्मी कंपोस्ट खाद बनाते हैं। बिजली भी बना रहे हैं अब गोबर से पेंट भी बनाएंगे। जिससे गोबर सिर्फ लीपने के साथ पोतने के भी काम आएगा। जो काम छत्तीसगढ़ में हो रहा वह काम यूपी में भी होना चाहिए।
कहाकि यूपी का एक वीडियो और फोटो की बड़ी चर्चा है। वीडियो में प्रधानमंत्री गाड़ी में बैठकर जा रहे और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पैदल जा रहे हैं, मोदी जी को डर है कि गाड़ी में बैठा लेंगे तो कब्जा न कर लें। इसके बाद एक फोटो में मोदी जी योगी के कंधे पर हाथ रखे हैं यह परंपरा के खिलाफ है, यह संत महात्माओं का अपमान है। सोनिया जी शंकराचार्य जी से मिलने गईं और जमीन पर बैठकर आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में राहुल जी ने किसानों से कर्ज माफी का वादा किया था और हमें तीन चौथाई बहुमत मिला। हमने शपथ ग्रहण होते ही सबसे पहले 18 लाख किसानों का नौ हजार करोड़ रुपये कर्ज को माफ किया।