परिजनों को सांत्वना देते पूर्व सीएम अखिलेश यादव
- फोटो : MAHOBA
महोबा। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव गुरुवार को 27 साल पुराने सहपाठी गौतम शर्मा के पिता की तेरहवीं संस्कार में शामिल होने महोबा के गांधीनगर मोहल्ला पहुंचे। उन्होंने ना सिर्फ दोस्ती को निभाया बल्कि साथी के दुखदर्द को भी बांटा।
शहर के गांधीनगर निवासी गौतम शर्मा ने मैसूर के एसजेसीई इंजीनियर कालेज में 1992 से 1996 तक पढ़ाई की। इसी कालेज में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी इंजीनियरिंग की शिक्षा ग्रहण कर रहे थे। पढ़ाई के दौरान ही गौतम शर्मा की उनसे दोस्ती हो गई, जो आज भी कायम है।
13 सितंबर को गौतम शर्मा के पिता पं. प्रेमनाथ शर्मा का निधन हो गया था। गुरुवार को तेरहवीं संस्कार में शामिल होने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सांत्वना देने के लिए अपने मित्र गौतम शर्मा के गांधीनगर स्थित घर पहुंचे। अखिलेश यादव के मित्र के घर पहुंचने और दुख दर्द बांटने की चर्चा प्रत्येक व्यक्ति की जुबां पर रही।
गौतम शर्मा ने बताया कि सरल स्वभाव के अखिलेश यादव हमेशा मिलनसार रहे। पिता के निधन की जानकारी मिलते ही पूर्व मुख्यमंत्री ने सांत्वना देकर हरसंभव सहयोग का वादा कर धीरज बंधाया था। व्यस्तता के कारण अंतिम संस्कार में वह शामिल नहीं हो सके थे, लेकिन तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने का उन्होंने वादा निभाया। उनसे मिलकर परिवार दुख के इस पल में भावुक भी हो गया था। उन्होंने करीब एक घंटे का समय देकर परिवार को सांत्वना दी।
क्रशर कारोबार से जुड़ा है परिवार
बुंदेलखंड के अतिपिछड़े जिले में गांधी नगर निवासी स्व. प्रेमनाथ शर्मा ने वर्ष 1964 में आस्ट्रेलिया से मैकेनिकल
इंजीनियरिंग की डिग्री लेने के बाद कबरई पहला क्रशर प्लांट लगाकर शुभारंभ किया था। उसके बाद से लगातार कबरई में क्रशर प्लांट लगते गए। उनके निधन के बाद अब उनके पुत्र गौतम शर्मा व सौरभ शर्मा क्रशर कारोबार संभाल रहे हैं।