संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। पुलिस अधीक्षक अपर्णा गुप्ता के निर्देश पर अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान में शहर कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने बाइक चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया। जिनके पास से तीन बाइकें व कबाड़ में बेचने के लिए खोले गए पार्ट्स बरामद हुए। एक आरोपी के पास से तमंचा और दो कारतूस मिले। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा।
कोतवाली प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने गश्त के दौरान बिच्छू पहाड़िया मोड़ के पास से बाइकों में सवार चार लोगों को संदिग्ध अवस्था में देखा। जो पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगे। तभी पुलिस ने घेराबंदी करके चारों को पकड़ लिया। जिन्होंने अपने नाम वारिस, समीर और रमजान निवासीगण भटीपुरा व यासीन निवासी कांशीराम कॉलाेनी बताया। आरोपियों के पास से चोरी की तीन बाइकें, एक तमंचा, दो कारतूस और एक बोरे में बाइकों के पार्ट्स बरामद किए।
पूछतांछ में आरोपियों ने बताया कि वह आसपास के जनपदों से बाइकें चोरी करते थे और महोबा लाकर उनके चेसिस नंबर खरोंच कर नंबर प्लेट भी हटा देते थे। चोरी की गईं बाइकों को अलग-अलग भागों में खोलकर बाहरी कबाड़ियों को बेच देते थे। रविवार की रात वह बाइकों के पार्ट्स काॅलोनी से दूसरे स्थान पर छिपाने जा रहे थे। तभी उन्हें पकड़ लिया गया।