महोबा। जिला अस्पताल में ब्लड सैंपल की जांच के दौरान एक मरीज में डेंगू की पुष्टि होने से स्वास्थ्य विभाग में खलबली मची है।
मरीज को वार्ड में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। वहीं एक अन्य मरीज में डेंगू के लक्षण मिलने पर उसकी जांच कराई जा रही है।
जिला अस्पताल की ओपीडी में इलाज के लिए आने वाले बुखार से पीड़ित मरीजों की लंबी कतार लग रही है। कुछ मरीजों में डेंगू के लक्षण मिलने पर डॉक्टर ब्लड सैंपल की जांच करा रहे हैं। छह सितंबर को पांच, सात सितंबर को 10, नौ सितंबर को पांच मरीजों की जांच कराई कई।
इसके अलावा दस सितंबर को तीन व 11 सितंबर को पांच मरीजों का ब्लड सैंपल लेकर डेंगू की जांच की गई। इस दौरान बेलाताल निवासी मनोज कुमार के ब्लड सैंपल में डेंगू की पुष्टि हुई है।
इसके अलावा पनवाड़ी निवासी बुखार से पीड़ित मरीज मुन्नी देवी की हालत नाजुक है। उनमें डेंगू के लक्षण मिले हैं। हालांकि, रक्त परीक्षण में डेंगू की पुष्टि नहीं हुई।
उधर, सीएमएस डॉ. पवन अग्रवाल का कहना है कि इस समय वायरल बुखार चल रहा है। उन्होंने मरीजों को सावधानी बरतने की बात कही है।