खरेला (महोबा)। कस्बे के मोहल्ला सादराय में रविवार की सुबह एक मकान में आग लग गई। आग की लपटों ने बगल में स्थित चचेरे भाई के मकान को भी चपेट में ले लिया। फायर ब्रिगेड ने लगभग तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक चार लाख रुपये नगद समेत लाखों का सामान जलकर नष्ट हो चुका था। गृहस्वामी के मुताबिक तकरीबन अनुमानित 20 लाख का नुकसान हुआ है। वहीं, सूचना मिलने पर राजस्व विभाग की टीम ने पहुंचकर क्षति का आंकलन किया।
मोहल्ला सादराय निवासी धर्मेंद्र सिंह नगर पंचायत खरेला में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है। साथ ही वह खेती-बाड़ी भी करता है। इस बार उसने 40 बीघे में गेहूं व चने की फसल बोई थी और इतनी ही भूमि बटाई पर ले रखी थी। रविवार की सुबह लगभग 10 बजे मकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
घर वालों ने किसी तरह बाहर निकलकर जान बचाई। आधा घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड ने ग्रामीणों की मदद से आग बुझानी शुरू की। तब तक आग की लपटों ने बगल में स्थित धर्मेंद्र सिंह के चचेरे भाई पंचम सिंह के मकान को भी अपने चपेट में ले लिया। तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग को काबू में किया जा सका। तब तक नगदी समेत लाखों का सामान नष्ट हो चुका था।
धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पांच दिन पहले उसने चार लाख रुपये कीमत की फसल बेची थी, नगदी घर में ही रखी थी। इसके अलावा साढ़ू अजय की पुत्री की 21 अप्रैल को शादी है। उसके दहेज का सामान भी घर में रखा था। आग लगने से नगदी-जेवर व गृहस्थी का सामान समेत तकरीबन 20 लाख का नुकसान हुआ है। चचेरे भाई का भी हजारों का सामान क्षतिग्रस्त हो गया है। उधर, कानूनगो कामता प्रसाद व लेखपाल इंद्रपाल ने अग्निकांड में हुई क्षति का आंकलन कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजकर सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है।