महोबा। शहर से 30 अप्रैल को लापता हुई छात्रा के मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ अपहरण व धमकी देने की प्राथमिकी दर्ज की है। यह प्राथमिकी छात्रा की मां की ओर से दर्ज कराई गई है। मां का आरोप है कि नामजद आरोपी उससे पुराने एक मुकदमे को लेकर रंजिश मानते हैं और मुकदमे में सुलह न करने पर वह कई बार बेटी का अपहरण व उसके साथ दुष्कर्म की वारदात करने की धमकी दे रहे थे।
मध्यप्रदेश के जनपद छतरपुर की रहने वाली एक 25 वर्षीय युवती शहर में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी। 30 अप्रैल की शाम वह लाइब्रेरी से अपने कमरे आ रही थी और रास्ते से गायब हो गई थी। मां ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी। तब से पुलिस लगातार छात्रा की खोजबीन में लगी है। अब छात्रा की मां ने कोतवाली में एक और तहरीर दी। मां ने बताया कि चार नवंबर 2024 को मोहित नाम के युवक ने बेटी के साथ छेड़खानी की थी और विरोध करने पर गाली-गलौज व जातिसूचक शब्दों से अपमानित करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी। जिसकी प्राथमिकी उसने महिला थाना छतरपुर में कराई थी। इसके बाद से मोहित, अंकित व संतराम घर पर आकर मुकदमा वापस लेने की धमकी देते थे और कहते थे कि अगर मुकदमे में सुलह नहीं की तो बेटी का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म की घटना कर देंगे। मां ने आरोप लगाया कि इसी मुकदमे की रंजिश के चलते इन लोगों ने 30 अप्रैल को बेटी का अपहरण कर लिया है। कोतवाली प्रभारी मनीष पांडेय ने बताया कि मोहित, अंकित व संतराम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच कराई जा रही है।