महोबा। कोविड-19 व अन्य महामारियों से निपटने के लिए जिले में स्वास्थ्य विभाग 42 बेडों का अस्पताल खोलेगा। अस्पताल में ऑक्सीजन की सुविधा, महामारी से जुड़ी सभी तरह की अत्याधुनिक जांचें मशीनें उपलब्ध होंगी। स्वास्थ्य विभाग ने महिला जिला अस्पताल महोबा में जमीन का चिन्हीकरण कर लिया है। शासन से बजट पास होते हो अस्पताल का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की इमरजेंसी कोविड रिस्पांस प्रणाली (ईसीआरपी) योजना के तहत जिले के महिला जिला चिकित्सालय 42 बेडों वाला फील्ड अस्पताल बनेगा। इस अस्पताल में अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। सीएमओ ने अस्पताल के लिए 262.08 वर्ग मीटर जमीन चिह्नित कर रिपोर्ट शासन को भेजी है। शासन से कार्यदायी संस्था और बजट स्वीकृत करने के बाद निर्माण कराया जाएगा।
जिसका ब्योरा स्वास्थ्य निदेशालय के साथ अधीक्षण अभियंता चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं को भेजा गया है। बजट स्वीकृत होते ही जल्द निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। अस्पताल में महामारी से लड़ने के लिए बच्चों के विशेष सुविधाएं रहेंगी।
-डॉ. सुधाकर पांडेय, सीएमओ
ईआरपी योजना का उद्देश्य
ईसीआरपी योजना का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं का बुनियादी ढांचा मजबूत करना है, जिससे महामारी के शीघ्र रोकथाम, पहचान और प्रबंधन के लिए त्वरित प्रतिक्रिया के साथ स्वास्थ्य प्रणाली की तैयारियों में तेजी लाई जा सके।