महोबा। जनपद में संचालित समितियों में अब लेखपालों की देखरेख में खाद वितरित होगी। विभाग के पास खाद की पर्याप्त खेप उपलब्ध है। खतौनी और आधार कार्ड साथ लेकर आने वाले किसानों को टोकन के माध्यम से खाद का वितरण किया जाएगा।
सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता विनय कुमार तिवारी ने बताया कि रबी अभियान के तहत अब तक 878 मीट्रिक टन यूरिया, 2,676 मीट्रिक टन डीएपी और 196 मीट्रिक टन एनपीके का वितरिण सहकारी समितियों के माध्यम से किया जा चुका है। जनपद में पीसीएफ के बफर गोदाम में सामान्य स्टॉक यूरिया 2,446 मीट्रिक टन, डीएपी 350 मीट्रिक टन व एनपीके 119 मीट्रिक टन उपलब्ध है। इसके अलावा जनपद के 52 सहकारी बिक्री केंद्रों पर भी यूरिया 313 मीट्रिक टन, डीएपी 714 मीट्रिक टन और एनपीके 40 मीट्रिक टन अवशेष है। प्रत्येक समिति पर एक राजस्व लेखपाल को संबंधित एसडीएम की ओर से उर्वरक वितरण कराए जाने के लिए नामित किया गया है। राजस्व लेखपाल की ओर से समिति पर उर्वरक वितरण टोकन व्यवस्था के माध्यम से कराया जा रहा है। पुलिस बल एवं राजस्व अधिकारियों की देखरेख में आधार कार्ड व खतौनी के अनुसार पीओएस मशीन के माध्यम से वितरण किया जा रहा है। जनपद में उर्वरक की कोई कमी नहीं है। जिन किसानों के नाम खतौनी है वह अपना आधार कार्ड व खतौनी की छायाप्रति लेकर केंद्र पर जाकर टोकन के आधार पर उर्वरक प्राप्त कर सकते हैं।