कबरई (महोबा)। थानाक्षेत्र के ग्राम कोहारी में सालों से चल रही नकली गुटका फैक्ट्री का पुलिस ने भंडाफोड़ कर तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। साथ ही, कुछ बने और अधबने व लाखों रुपये के गुटखे बरामद किए। इससे कोहारी गांव में हड़कंप मच गया। ग्राम कोहारी में पिछले कई सालों से नकली गुटका फैक्ट्री का संचालन हो रहा था।
कुछ ग्रामीणों ने अवैध गुटके की संचालन की सूचना कबरई पुलिस को दी। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष देवेंद्र शुक्ला ने पुलिस टीम के साथ गांव में दबिश दी और नकली गुटका फैक्ट्री की घेराबंदी कर गुटखा बनाने वाले तीन लोगों को दबोच लिया। फैक्ट्री के अंदर पुलिस ने बोरे में रखे नकली गुटखा और उसे बनाने के उपकरण और मशीन कब्जे में ले लिए। छापामार कार्रवाई कर पुलिस ने लाखों रुपये का नकली गुटखा बरामद किया। पुलिस द्वारा नकली गुटखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ करने के बाद गांव में खलबली मच गई। गुटका फैक्ट्री में पकड़े गए नरेश कुमार गुप्ता पुत्र महेश कुमार, अनिल कुमार पुत्र गोपी अहिरवार निवासी कोहारी व अनिल साहू पुत्र राजेंद्र साहू सुमेरपुर हमीरपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया। पुलिस ने मशीन और पकड़े गए गुटखा के बोरे सील करा दिए हैं।