जीएसटी पंजीयन जागरुकता शिविर में समस्या बताते व्यापारी नेता।
- फोटो : MAHOBA
महोबा। चरखारी बाईपास मार्ग स्थित वाणिज्यकर कार्यालय में बुधवार को जीएसटी पंजीयन जागरुकता सेमिनार का आयोजन किया गया। जिसमें असिस्टेंट कमिश्नर वाणिज्यकर जयप्रकाश ने कहा कि वाणिज्यकर विभाग जीएसटी में पंजीकृत व्यापारी को बिना किसी शुल्क अदायगी के दस लाख के दुर्घटना बीमा का लाभ देता है। ऐसे में सभी व्यापारियों को जीएसटी पंजीयन कराना चाहिए।
सेमिनार में असिस्टेंट कमिश्नर ने कहा कि एक जनवरी से गारमेंट्स, फुटवियर आदि कई वस्तुओं पर जीएसटी की दरों में परिवर्तन किया गया है। व्यापारियों को परिवर्तित दर के अनुरूप अपने समान का मूल्य जीएसटी जोड़कर निर्धारित करना चाहिए। साथ ही कम जीएसटी पर बिक्री न हो सके और व्यापारी जुर्माने आदि से बच सके। डिप्टी कमिश्नर राम प्रकाश पांडेय ने जीएसटी की नई सरलीकृत प्रक्रिया के बारे में व्यापारियों को बताया।
सेमिनार में जिला उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष भागीरथ नगायच ने व्यापारियों की समस्याएं उठाईं। अधिकारियों ने समस्याओं के निस्तारण का भरोसा दिया। इस मौके पर वाणिज्यकर अधिकारी धर्मेंद्र कुमार, अधिवक्ता बृजेंद्र गुप्ता, प्रदीपचंद्र गुप्ता, शिवकुमार सोनी, राहुल अग्रवाल, मुलायम सिंह आदि व्यापारी मौजूद रहे।