खरेला (महोबा)। कबड्डी प्रतियोगिता में बुधवार को महिला और पुरुष वर्ग टीमों के बीच कड़ी टक्कर हुई। बनारस की महिला टीम ने प्रयागराज को हरा दिया। पुरुष वर्ग में बुलंदशहर की टीम ने खरेला को हराकर जीत हासिल की।
महामुनि व्यायामशाला के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता खरेला के पावर हाउस मैदान में हुई। मुख्य अतिथि सदर विधायक राकेश गोस्वामी ने खिलाड़ियों से परिचय लेकर मुकाबला शुरू कराया। महिला वर्ग के प्री लीग मैच में बनारस और प्रयागराज के बीच शुरुआती दौर में कड़ा मुकाबला हुआ। बनारस की टीम ने 49-22 के अंतर से जीत लिया। पुरुष वर्ग में पहला मुकाबला खरेला और पहरेता के बीच हुए। खरेला ने 57- 11 के अंतराल से पहरेता को हरा कर जीत हासिल की।
पुरुष वर्ग का दूसरा मैच बुलंदशहर और खरेला के मध्य खेला गया। बुलंदशहर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 36-24 के अंतर से खरेला टीम को पराजित कर दिया। प्रतियोगिता दौरान स्कोरर अनुराग सिंह, राजू मुखिया, अखिलेश वर्मा प्रधान, दयाल सिंह , शिवराम सिंह, जितेंद्र सिंह मौजूद रहे। प्रतियोगिता संयोजक सेवानिवृत कर्मी नरेंद्र पाठक ने बताया गुरुवार को हरियाणा, लखनऊ और मध्य प्रदेश की टीमों के मुकाबले होंगे।
पूर्व खिलाड़ियों को किया सम्मानित
प्रतियोगिता दौरान मुख्य अतिथि ने कबड्डी वॉलीबाल खेल में पूर्व खिलाड़ी उमाशंकर व्यास, पद्म प्रताप सिंह, गोरेलाल सिंह, माहेश्वरी सिंह, पूर्व प्रधान इंदर सिंह, नरेंद्र पाठक, भारत सिंह, ओमप्रकाश शुक्ला, देवेंद सिंह, भरत जी शुक्ला राजेंद्र सिंह रेफरी बांदा के बाबा भारती झांसी के जयराम सिंह सहित दर्जन भर खिलाड़ियों को सम्मानित किया।