महोबा। उत्तर प्रदेश पीईटी परीक्षा मंगलवार को जिले के 18 केंद्रों पर आयोजित होगी। जिला प्रशासन ने नकल विहीन परीक्षा की तैयारी की है। परीक्षा के दौरान केंद्रों के आस-पास की फोटो कापी की दुकानें बंद रहेंगी। साथ परीक्षा केन्द्रों पर पुलिस बल भी तैनात रहेगा।
प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) का आयोजन मंगलवार को होगा। यूपी पीईटी आयोग द्वारा आयोजित की जाने वाली सभी चयन प्रक्रियाओं के लिए प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) है। इस परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर ही उम्मीदवारों को मेरिट के आधार पर उत्तर प्रदेश सरकार के विभागों एवं संगठनों में ग्रुप सी पदों पर भर्ती के लिए चयन प्रक्रिया के अगले चरण में सीधे सम्मिलित होने के लिए मौका मिलेगा।
परीक्षा दो पालियों में सुबह 10 से 12 बजे और दोपहर 3 से 5 बजे तक आयोजित होगी। जिला विद्यालय निरीक्षक सुरेश प्रताप सिंह ने बताया कि पीईटी परीक्षा के लिए 18 केंद्र बनाए गए हैं। नकल विहीन परीक्षा के लिए सभी तैैयारियां पूरी कर ली गईं हैं।