फोटो 01 एमएएचपी 16 परिचय-शहर के बालाजी इलेक्ट्रॉनिक्स एंड मोबाइल शॉप में जुटी खरीदारों की भीड़।
महोबा। त्योहारी सीजन के साथ जीएसटी घटने से बाजारोंं में रौनक बढ़ गई है। इलेक्ट्रॉनिक बाजार खरीदारों से गुलजार है। दुकानों में ग्राहकों की भीड़ जुट रही है। कई दुकानदार इलेक्ट्रॉनिक्स सामान की खरीदारी पर ग्राहकों को निश्चित उपहार दे रहे हैं। इससे उनकी बिक्री में इजाफा हुआ है।
पिछले 10 दिन से बाजार में ग्राहकों की बढ़ोत्तरी हुई है। जीएसटी घटने से कई वस्तुओं के दाम कम हुए हैं। ऐसे में ग्राहकों को पहले की अपेक्षा कम दाम पर मिल रहा है। बालाजी इलेक्ट्रॉनिक्स एंड मोबाइल शॉप के प्रोपराइटर सिद्धार्थ पुरवार ने बताया कि एलईडी टीवी, एसी, बैट्री में पहले जीएसटी 28 फीसदी थी, जो अब घटकर 18 प्रतिशत हो गई। इससे 25 हजार वाली एलईडी टीवी के दाम घटकर 22,500 रुपये हो गए हैं। ग्राहक को सीधे 2,500 रुपये का फायदा हो रहा है। एसी की कीमत पहले 37 हजार थी, जो अब घटकर 33,300 रुपये हो गई है। एसी की खरीद में ग्राहकों को 3,700 रुपये की बचत हो रही है। टीवी, मेबाइल, फ्रिज, एसी, बैट्री आदि की खरीद में एक निश्चित उपहार ग्राहकों को दिया जा रहा है। किंग मोबाइल शॉप के प्रोपराइटर शेख अफजल का कहना है कि इस साल टीवी आदि इलेक्ट्रॉनिक्स समान में जीएसटी कम होने से अच्छी खरीदारी हो रही है। दिवाली तक बेहतर कारोबार की उम्मीद है।