श्रीनगर (महोबा)। कस्बा श्रीनगर में स्थापित 33 केवीए पाॅवर हाउस का केबल जलने से कस्बा समेत सिजहरी फीडर से जुड़े 14 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बिजली के अभाव में उपभोक्ता परेशान रहे। करीब सात घंटे बाद आपूर्ति बहाल हुई। तब जाकर उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली। बिजली के अभाव में शनिवार को पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित रही।
बारिश के दौरान शुक्रवार की शाम करीब सात बजे 33 केवीए पाॅवर हाउस में लगी मशीन का केबल जल गया। इससे कस्बे की 20 हजार की आबादी व सिजहरी फीडर से जुड़े बरा, सलारपुर, तिंदौली, सिजहरी, पलका, बसौरा, मझलवारा, मिरतला समेत 14 गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। जली ठप रहने से सुबह कस्बे में पेयजल आपूर्ति नहीं हो सकी। इसके चलते लोगों को कुओं व दूर-दराज के हैंडपंपों का सहारा लेना पड़ा। उधर, अवर अभियंता का कहना है कि इनकमिंग केबल जलने से बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई थी। कर्मचारियों को लगाकर आपूर्ति बहाल करा दी गई।