लोक सेवा आयोग में चयनित प्रदीप सोनी।
- फोटो : MAHOBA
श्रीनगर (महोबा)। कबरई ब्लॉक के सिजहरी गांव निवासी किसान के बेटे ने लोक सेवा आयोग यूपी प्रयागराज द्वारा आयोजित परीक्षा में 154वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है।
ओमप्रकाश के पुत्र प्रदीप सोनी ने प्रारंभिक शिक्षा गांव से ही ग्रहण की। वर्ष 2009 में हाईस्कूल और 2011 में बीएनबी इंटर कॉलेज राठ से इंटर की परीक्षा उत्तीर्ण की। स्नातक और परास्नातक की परीक्षा नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय फैजाबाद से उत्तीर्ण करने के बाद वर्ष 2018 में प्रदीप स्व. रामप्रकाश दीक्षित महाविद्यालय में प्रवक्ता के पद पर तैनात रहकर संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा की तैयारी करते रहे। एक अगस्त 2021 को पीसीएस-प्री की परीक्षा पास की। 26 नवंबर 2021 को हुई मुख्य परीक्षा में उन्हें 154वीं रैंक मिली है। उनका चयन तकनीकी सहायक (विकास) के पद पर हुआ है। प्रधान नरेश राजपूत ने सचिवालय में सम्मान समारोह आयोजित कर प्रदीप सोनी को सम्मानित किया।