चरखारी (महोबा)। कस्बे के राजकीय महाविद्यालय चरखारी में छात्र-छात्राओं के लिए सीटे बढ़ाने की मांग को लेकर गुरुवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने विश्वविद्यालय झांसी के कुलपति को संबोधित ज्ञापन कॉलेज के प्राचार्य व एसडीएम को सौंपा।
एबीवीपी के पूर्व नगर मंत्री पवन कुशवाहा के नेेतृत्व में एक दर्जन से अधिक कार्यकर्ता तहसील पहुंचे। जहां सीटे बढ़ाए जाने को लेकर नारेबाजी की। बाद में एसडीएम पीयूष जायसवाल को ज्ञापन सौंपा। जिसमें बताया कि महाविद्यालय में सीटे कम होने से अभी तक सैकड़ों छात्र-छात्राओं का प्रवेश नहीं हो पाया है। जिससे उनका भविष्य अधर में लटका है। महाविद्यालय की विभिन्न कक्षाओं में सीटें बढ़ने से यहां के छात्र-छात्राओं को दूसरे कॉलेजों का सहारा नहीं लेना पड़ेगा। उन्होंने कॉलेज में सीटें बढ़ाए जाने और प्रवेश तिथि बढ़ाए जाने की मांग की है। ताकि सभी छात्र-छात्राओं को प्रवेश मिल सके।