कबरई (महोबा)। नगर पंचायत कबरई में लाखों रुपये की लागत से बनाए जा रहे शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है। इससे निर्माण कार्य में गुणवत्ता न आने से लोगों में आक्रोश हैं। विभागीय अधिकारियों द्वारा निर्माण कार्य की कभी भी गुणवत्ता नहीं देखी जाती है।
नगर पंचायत कबरई द्वारा मराठीपुरा टॉकीज के पास 32 लाख रुपये से शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जा रहा है। इसमें बालू के स्थान पर डस्ट लगाई जा रही है। एक नंबर के स्थान पर तीन नंबर की ईंट इस्तेमाल की जा रही है। इसी तरह कस्बे के मोहल्ला किदवई नगर में 11 लाख रुपये की लागत से कराए जा रहे निर्माण और इंटरलॉकिंग के कार्य में अनियमितताएं की जा रही है। दस से 12 एमएम सरिया के स्थान आठ से 10 एमएम सरिया लगाई जा रही हैं। गुणवत्ताहीन निर्माण कार्यों की मोहल्लेवासियों ने जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है। नगर पंचायत कबरई के अधिशासी अधिकारी वेद प्रकाश का कहना है कि अभियंता को मौके पर भेजकर जांच कराएंगे। मानक के अनुरूप कार्य न पाए जाने पर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।