अजनर (महोबा)। रात्रि गश्त के दौरान खेतों पर ट्रांसफार्मर उतरवा रहे किसानों से थाना अजनर पुलिस ने अभद्रता कर दी। जबरन ट्रांसफार्मर लदा वाहन थाने लाने पर किसानों ने जमकर हंगामा किया। बाद में पुलिस ने गाड़ी को छोड़ दिया।
अजनर गांव निवासी बंटोली कुशवाहा, कड़ोरी पाल, कुंजा अहिरवार, देवीदीन यादव, पप्पू कुशवाहा, जय सिंह, किशोरी कुशवाहा किसान खेतों की सिंचाई के लिए उरई से दो ट्रांसफार्मर लाए थे। बारिश होने के चलते देर हो जाने पर किसान देर रात खेेतों पर ट्रांसफॉर्मर उतार रहे थे। तभी गश्त पर पहुंची अजनर पुलिस ने किसानों से अभद्रता कर दी और ट्रांसफार्मर लदी गाड़ी थाने ले गए। परेशान किसानों ने हंगामा काटते हुए जनप्रतिनिधियों को मामले से अवगत कराया। तब पुलिस ने दोनों वाहन छोड़ दिए। उधर थानाध्यक्ष लाखन सिंह का कहना कि किसानों व आम आदमी की सुरक्षा के लिए रात्रि गश्त कराई जाती है। रात में ट्रांसफार्मर उतारे जाने पर पुलिस उन्हें थाने लाई थी। जांच के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।