कबरई (महोबा)। थाना कबरई के खजुरिहा पहरा गांव में शनिवार की रात शराब के नशे में श्रमिक ने फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।
खजुरिहा पहरा निवासी रामसजीवन अहिरवार (50) मेहनत-मजदूरी करता था। वह शराब पीने का आदी था। उसके दो बेटे संदीप और दीपक दिल्ली में रहते हैं जबकि बेटी लक्ष्मी की शादी हो चुकी है। रामसजीवन पत्नी विद्या के साथ गांव में रहता था। विद्या ने बताया कि शनिवार रात करीब आठ बजे विद्या अपने दरवाजे पर बैठी थी। तभी रामसजीवन घर पहुंचा और अंदर से कुंडी बंद कर ली। काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर पड़ोसियों को बुलाया। छत के रास्ते जब लोग अंदर पहुंचे तो रामसजीवन तौलिया के फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे फंदे से नीचे उतारकर जांच की। थानाध्यक्ष सत्यवेंद्र सिंह भदौरिया का कहना है कि श्रमिक नशे का लती बताया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण स्पष्ट हो सकेंगे।