श्रीनगर (महोबा)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि वर्ष 2024 तक प्रदेश के सभी घरों में शुद्घ पेयजल मुहैया होने लगेगा। इसकी शुरुआत बुंदेलखंड व विंध्य क्षेत्र से की गई है। सपा, बसपा व कांग्रेस की सरकारों में बुंदेलखंड के लोग पानी के लिए तरसते थे और ट्रेनों से पानी मंगाया जाता था। इसके बाद भी बुंदेलखंड के लोग प्यासे रहते थे।
जलशक्ति मंत्री ने यह बात शनिवार को शमशेरा-फुटेरा व धवर्रा-सिजवाहा पेयजल योजना का निरीक्षण करने के दौरान कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने सबसे पहले शुद्घ पेयजल मुहैया कराए जाने के लिए बुंदेलखंड को चुना। उन्होंने वाटर ट्रीटमेंट प्लांट व इंटेकवेल देखा। प्रोजेक्ट मैनेजर सुनील कुमार पांडेय ने बताया कि इस योजना से 101 गांवों को पानी की आपूर्ति की जाएगी। यह कार्य सितंबर तक पूरा हो जाएगा।
इस मौके पर सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल, सदर विधायक राकेश गोस्वामी, डीएम मनोज कुमार, एडीएम नमामि गंगे जुबैर बेग, सीडीओ डॉ. हरिचरण सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष जेपीअनुरागी, सहकारी बैंक के अध्यक्ष चक्रपाणि त्रिपाठी, ब्लॉक प्रमुख अवनींद्र सिंह, रमेश यादव मौजूद रहे।