बेलाताल(महोबा)। जैतपुर के ब्लॉक सभागार में सोमवार को नई शिक्षा नीति के तहत चार दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हुआ। खंड शिक्षाधिकारी गौरव शुक्ला ने कहा कि शिक्षक अपने विद्यार्थियों में भाषा और गणित सीखने का कौशल विकसित करें। इससे उनका पठन-पाठन बेहतर होगा।
नई शिक्षा नीति के तहत फाउंडेशनल लिटरेसी एवं न्यूमैरेसी (एफएलएन) पर आधारित प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों को मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षित करेंगे।
प्रशिक्षण में सुझाए गए तरीकों के अनुसार विद्यालय में बच्चों को पढ़ाया जाएगा ताकि शिक्षा की गुणवत्ता सुधरे और बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि उत्पन्न हो।
मास्टर ट्रेनर शहजादे तनवीर खान ने बताया कि एफएलएन प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य बच्चों की शिक्षा के प्रारंभिक वर्षों में भाषा व गणित कौशल का निर्माण करना और बच्चों में भाषा और गणित की समझ विकसित करना है।
उन्होंने कहा कि बच्चों को भाषा व गणित में जो समस्याएं आती हैं, उन्हें सरलता से खेल व विभिन्न माध्यमों से पढ़ाया जाए। उनके मन से गणित और विज्ञान के प्रति बैठा डर निकालने की जरूरत है।
मास्टर ट्रेनर राम किशोर चतुर्वेदी ने नई शिक्षा नीति के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। बताया कि प्रशिक्षण का यह सातवां फेरा है। सातवें फेरे में 40-40 शिक्षकों के चार बैच बनाए गए हैं।
दो बैच का प्रशिक्षण बीआरसी कार्यालय जैतपुर में और दो बैच का प्रशिक्षण ब्लॉक सभागार में दिया जा रहा है। इस मौके पर मास्टर ट्रेनर ओम प्रकाश वर्मा, भावना सुल्लेरे, बृजेश सोनाकिया सहित जैतपुर ब्लाक के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, शिक्षिकाएं व शिक्षामित्र मौजूद रहे।