महोबा। अग्निपथ योजना के विरोध में किसान संगठनों ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट में धरना-प्रदर्शन कर आक्रोश जताया। राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। जिसमें अग्निपथ योजना को निरस्त करने की मांग की।
संयुक्त किसान मोर्चा, भाकियू व बुंदेलखंड किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने कलक्ट्रेट परिसर में धरना देकर नारेबाजी की। अग्निपथ योजना को किसान पुत्रों के भविष्य से खिलवाड़ बताया। बुंदेलखंड किसान यूनियन के संगठन प्रभारी बालाजी ने कहा कि अग्निपथ योजना किसी भी लिहाज से युवाओं के हित में नहीं है। चार साल की नौकरी देकर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। योजना निरस्त न होने पर आरपार की लड़ाई लड़ी जाएगी।
धरना प्रदर्शन व ज्ञापन सौंपने वालों में महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष किरण पाठक, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अखिलेश रावत, तारादेेवी राजपूत, संतोष तिवारी, नरोत्तम गुप्ता, किशोरी लाल, भाकियू जिलाध्यक्ष राम सजीवन शुक्ला आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।