महोबा। शहर के लवकुशनगर तिराहा के पास शनिवार की देर शाम एक क्लीनिक संचालक पर जानलेवा हमला किया गया। अवैध निर्माण की शिकायत करने की रंजिश में दबंगों ने घटना को अंजाम दिया। मामले में पुलिस ने चार नामजद समेत आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला समद नगर निवासी दिलीप कुमार गुप्ता ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके बेटे कुलदीप का छतरपुर रोड स्थित एक होटल के बगल में क्लीनिक है। लगभग दो माह पहले कुलदीप ने इस होटल में बैठने वाले राहुल गुप्ता, विशाल यादव व पंकज कश्यप के खिलाफ अवैध निर्माण संबंधी शिकायत प्रशासन से की थी। आरोप है कि इससे नाराज होकर दबंगों ने शनिवार को क्लीनिक बंद कर बाइक से घर जा रहे कुलदीप को रोकने की कोशिश की। जब उसने बाइक नहीं रोकी तो आरोपियों ने पीछा किया और लवकुशनगर तिराहा के पास उसे घेरकर पीटा। धारदार हथियार व लाठी-डंडे से हमला किए जाने से वह कुलदीप लहूलुहान हो गया। आरोपी उसे मृत समझकर भाग निकला। गंभीर हालत में कुलदीप को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, वहां उसका इलाज चल रहा है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने विशाल यादव, पंकज कश्यप, राहुल गुप्ता, सुहेब खान और चार अज्ञात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की है।