पनवाड़ी (महोबा)। ब्लॉक पनवाड़ी के दुलारा गांव में बिजली का तार टूटने से तीन से अंधेरा पसरा है। बिजली के अभाव में ग्रामीण परेशान हैं और गांव में पेयजल संकट भी गहरा गया है। शिकायत के बाद भी जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं। इससे ग्रामीणों में नाराजगी है।
शुक्रवार की रात बारिश के दौरान गांव के बाहर अनिल राजपूत के मकान के पास बिजली लाइन का तार टूटकर गिर गया था। ग्रामीणों ने तत्काल बिजली निगम को सूचना देकर आपूर्ति बंद कराई थी। बाद में ग्रामीणों की दोबारा शिकायत पर तार को वहां से कटवाया गया लेकिन बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। इससे गांव में तीन दिन से अंधेरा पसरा है।
ग्रामीण मानसिंह सेन, जयहिंद सिंह, लाखन सिंह, महेंद्र राजपूत, रामपाल, शहीद, मो. रशीद, मो. बहादुर आदि ने आपूर्ति बहाल किए जाने की मांग की है। बिजली निगम के एसडीओ गिरीशचंद्र का कहना है कि जानकारी मिली है। जल्द ही आपूर्ति चालू कराई जाएगी।