सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुतियां देतीं छात्राएं।
- फोटो : MAHOBA
महोबा। चित्रगुप्त धाम मंदिर में भगवान चित्रगुप्त की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। छात्र रिया, भूमि खरे, सोनाक्षी व यशस्वी ने मैया यशोदा ये तेरा कन्हैया गीत पर शानदार प्रस्तुति देकर सभी का मनमोह लिया। कार्यक्रम में बेहतर प्रस्तुति देने वाली छात्राओं व मेधावियों को सम्मानित किया गया।
भगवान चित्रगुप्त की जयंती पर समाज के लोगों ने मंदिर में हवन-पूजन किया। इसके बाद विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम कराए गए। सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना के साथ हुई। छात्रा अनंतिका श्रीवास्तव ने धार्मिक गीत पर नृत्य की प्रस्तुति दी। पुष्पांजलि, काजल व शिवानी ने मातृ-पितृ की सेवा से जुड़े गीत पर प्रस्तुति देकर खूब वाहवाही लूटी। इस मौके पर सदर विधायक राकेश गोस्वामी ने कहा कि कायस्थ समाज में शिक्षा को विशेष महत्व दिया जाता है। यही वजह है कि इस समाज के लोगों ने हर क्षेत्र में अपना नाम रोशन किया है। कार्यक्रम में एमएलसी जीतेंद्र सिंह सेंगर, अध्यक्ष अरविंद खरे, अजय निगम, सरगम खरे, मनीष मौजूद रहे।