महोबा। शारदीय नवरात्र के अंतिम दिन गुरुवार को श्रद्धालुओं ने मां सिद्धिदात्री की आराधना कर परिवार की सुख समृद्धि व खुशहाली की कामना की। शक्तिपीठ मां बड़ी चंद्रिका देवी समेत सभी देवी मंदिरों में भोर होते ही भक्तों की भीड़ जुटने लगी, यह सिलसिला देर रात तक चलता रहा। जगह-जगह हवन-पूजन, कन्या भोज व भंडारे के आयोजन हुआ।
शारदीय नवरात्र के अंतिम दिन हर कोई मां की आराधना में लीन रहा। शहर के बड़ी चंद्रिका, छोटी चंद्रिका, काली माता, सिंहवाहिनी समेत सभी देवी मंदिरों में पूरे दिन भक्तों की भीड़ रही।
श्रीनगर संवाद न्यूज एजेंसी के अनुसार मोहल्ला भैरवगंज में पहाड़ पर स्थित मां बाघराजन मंदिर में दर्शन के लिए भक्तों की भारी भीड़ जुटी। भक्तों ने मां के दरबार में माथा टेक कर मनौती मानी। ग्रामीण क्षेत्रों में 80 स्थानों पर स्थापित दुर्गा प्रतिमाओं के दर्शन के लिए भक्त पहुंच रहे हैं।
डांडिया नृत्य ने सबका मनमोहा
विधायक चरखारी बृजभूषण राजपूत के निवास पर स्थापित दुर्गा पंडाल में बुधवार की रात डांडिया नृत्य का आयोजन किया गया। महिलाओं व बच्चों ने डांडिया नृत्य की प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत व विधायक ने मां दुर्गा की आरती कर किया। इस मौके पर विधायक के निजी सचिव उदित राजपूत के अलावा कुलदीप भटनागर, छविलाल वर्मा, रोहित कटियार, अंजुल सक्सेना आदि मौजूद रहे।