मौसम के बदलते ही उल्टी, दस्त और बुखार के मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। 24 घंटे के अंदर जिले में दो लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि कई लोग अस्पताल में भर्ती है।
गर्मी बढ़ते ही जिला अस्पताल में उल्टी, दस्त के मरीज बढ़ गए हैं। पहले जहां प्रतिदिन उल्टी दस्त के पांच से सात मरीज आते थे, वहीं दो दिन से यह औसत 15 तक पहुंच गया है। कोतवाली चरखारी के ग्राम सूपा निवासी रचना (18) पुत्री विटोली को उल्टी दस्त की समस्या होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। इसी तरह शहर के मोहल्ला मकनियापुरा निवासी इस्माइल मंसूरी (40) एक सप्ताह से बुखार से पीड़ित था। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अ
स्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। जिला अस्पताल के सीएमएस डा. उदयवीर सिंह का कहना है कि मरीजों की संख्या बढ़ने की वजह से अस्पताल में अतिरिक्त बेड का इंतजाम किया गया है। मरीजों की अस्पताल में जांच के साथ सभी प्रकार की दवाएं दी जा रही है।