कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बसौरा में एक ग्रामीण ने मंगलवार को सुबह घर पर खुद को गोली से उड़ा दिया। मौके पर पहुुंची पुलिस ने मृतक की जेब से सुसाइड नोट भी बरामद किया। जिसमें कैंसर से परेशान होकर आत्महत्या करने की बात लिखी।
ग्राम बसौरा निवासी राजेंद्र द्विवेदी (56) पिछले कई माह से कैंसर से पीड़ित थे। पुत्र सुनील कुमार द्विवेदी ने बताया कि परिजनों ने काफी पैसा खर्च कर ऑपरेशन भी कराया था। लेकिन दोबारा दर्द शुरू हो गया। कैंसर से परेशान ग्रामीण ने मंगलवार को घर रखी लाइसेंसी बंदूक को गर्दन से नीचे लगाकर पैर से ट्रिगर दबा दिया।
गोली की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसे अस्पताल ले गए। जहां उसे मृतक घोषित कर दिया गया। मृतक की जेब से पाए सुसाइड नोट में बीमारी से तंग आकर आत्महत्या करने का जिक्र है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम को भेज दिया।