थाना अजनर के ग्राम रामुपुरा में बारात से लौटकर मामा के घर जा रहे व्यापारी को दबंगों ने तीन घंटे तक दरवाजे के खंभे से बांधकर लाठियों से पिटाई की और जेब में पड़ी 95 हजार रुपये छीन लिए। यूपी 100 के पहुंचते ही हमलावर भाग गए। पुलिस ने घायल व्यापारी को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने मामूली धाराओं में एनसीआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जिले की सीमा से सटे मध्यप्रदेश के कस्बा नौगांव निवासी रवि गुप्ता पुत्र रामगोपाल फुटकर गल्ला खरीद का धंधा करता है। आसपास खरीद के साथ वह मामा के गांव थाना अजनर के ग्राम रामूपुरा भी आता था। रामूपुरा के भगवानदास यादव ने लड़के की बारात का निमंत्रण दिया था। शनिवार को बारात से लौटकर व्यापारी मामा के घर जाने लगा। रास्ते में पहले से घात लगाये दबंगों ने रवि गुप्ता को पकड़ लिया। दरवाजे के खंभे में रस्सी से बांधकर तीन घंटे तब उसकी मारपीट की। इतना ही नहीं धारदार हसिया से गले में प्रहार करने की धमकी देते हुए जेब में पड़ी 95 हजार रुपये छीन लिए। घटना की खबर मामा के परिवार को मिली। सूचना तत्काल यूपी 100 को दी गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर दबंग भाग निकले। पुलिस ने व्यापारी को छुड़वाकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अजनर भेजा है। पीड़ित ने बताया कि दो माह पहले गल्ला खरीद में दबंगों से कहासुनी हुई थी। दबंगों ने गांव में न घुसने की घमकी दी थी। जानमाल स्तर तक की इतनी बड़ी वारदात करेंगे यह अंदाजा नहीं था। उधर थानाध्यक्ष अजनर महेंद्र सिंह भदौरिया का कहना है कि मामला पुराने विवाद का है। घटना की पूरी जांच कराई जा रही है।