महोबा। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जुझार में पुलिस ने छापा मारकर पिकअप गाड़ी को पकड़ लिया। पिकअप से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। पुलिस ने पिकअप चालक को गिरफ्तार कर लिया जबकि अन्य लोग मौके से भागने में सफल रहे। आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पकड़ा गया विस्फोटक पहाड़ों में खनन के लिए प्रयोग किया जाता है।
कोतवाली प्रभारी विक्रमाजीत सिंह को सूचना मिली कि कुछ लोग पिकअप गाड़ी में अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री लादकर जा रहे है। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी ने पुलिस फोर्स के साथ ग्राम जुझार में छापा मारा और पिकअप को रोक लिया। पुलिस को देखकर गाड़ी में सवार कुछ लोग भाग निकले। जबकि पुलिस ने चालक राकेश कुमार निवासी समद नगर को गिरफ्तार कर लिया। जांच करने पर पिकअप वाहन से 50 बोरी प्रतिबंधित अमोनियम नाइट्रेट, 5 गत्ता सेल व 125 ईडी बरामद की गई है। विस्फोटक सामग्री से भरी पिकअप को कोतवाली में खड़ा कराया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए चालक से अन्य लोगों के विषय में पूछताछ की जा रही है।