थाना श्रीनगर के ग्राम बिलखी में पांच दिन पहले मछली पकड़ते समय नाव डूबने से लापता हुए युवक का शव सोमवार की सुबह बरामद किया गया।
ग्राम बिलखी निवासी राम गोपाल (35) पुत्र मंगी रैकवार 6 दिसंबर को गांव के तालाब में मछली पकड़ने गया था।
तभी नाव डूबने से युवक तालाब में डूब गया था। ग्रामीण और गोताखोर जब युवक का सुराग नहीं लगा सके तो फतेहपुर से पीएसी टीम बुलाई गई थी। पीएसी टीम ने युवक की चप्पल व तौलिया बरामद करते हुए चुंबक के सहारे नाव बाहर निकाल ली थी
लेकिन युवक का सुराग नही लगा था।
पीएसी टीम ने पांचवे दिन तालाब से युवक का शव बरामद कर लिया। शव मिलते ही तालाब के तट पर मौजूद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। थाना श्रीनगर पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। शव मिलने के बाद पीएसी टीम लौट गई।