विधानसभा चुनाव के दौरान दो पूर्व विधायकों के परिजनों में हुई गोलीबारी के
मामले की जांच सीबीसीआईडी (क्राइम ब्रांच क्राइम इनवेस्टीकेशन डिपार्टमेंट) की तीन सदस्यीय टीम ने शुरू कर दी है। दोनों पक्षों के शुक्रवार को बयान दर्ज किए गए। गोलीबारी में सपा प्रत्याशी का बेटा घायल हुआ था। वहीं, बसपा प्रत्याशी के भांजे की मौत हुई थी।
विधानसभा चुनाव में सपा और बसपा प्रत्याशी के परिजन चुनाव से चंद घंटे पहले 23 फरवरी को राजकीय पालीटेक्निक कॉलेज के पास भिड़ गए थे। इसमें गोली लगने से सपा प्रत्याशी सिद्धगोपाल साहू का बेटा साकेत साहू बुरी तरह घायल हो गया था और बसपा प्रत्याशी अरिमर्दन सिंह के भांजे राकेश सिंह की मौत हो गई थी।
अपर पुलिस अधीक्षक सीबीसीआईडी इलाहाबाद ओपी पांडेय के नेतृत्व में इंस्पेक्टर विकास और अनिल वर्मा सहित तीन सदस्यीय टीम ने शुक्रवार को सुबह घटना स्थल पहुंचकर बारीकियां देखीं। बंदूक लाइसेंसी थी या अवैध इस पर भी जांच की जा रही है। इंस्पेक्टर विकास ने बताया कि एक पक्ष से मृतक राकेश सिंह के भाई और दूसरे पक्ष से पप्पू राठौर के भी बयान दर्ज किए गए।