कानपुर सागर राष्ट्रीय राजमार्ग में खन्ना टोल प्लाजा के समीप ट्रक व डंपर की सीधी भीषण भिड़ंत में डंपर चालक की मौके पर मौत हो गई। क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सीएचसी मौदहा से कानपुर रेफर किया गया है। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक व क्लीनर वाहन छोड़कर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस दुर्घटना की जांच पड़ताल में जुट गई है।
कानपुर नगर के सजेती थाना क्षेत्र के कुआ खेड़ा गांव निवासी सुनील कुमार (33) पुत्र रामनाथ रविवार रात डंपर लेकर क्लीनर विष्णुकांत (30) पुत्र प्रभुदयाल के साथ गिट्टी लेने पत्थर मंडी कबरई की ओर जा रहा था।
विज्ञापन
तभी खन्ना टोल प्लाजा के समीप कबरई की ओर से आ रहे ट्रक व डंपर की सीधी भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में दोनो वाहन क्षतिग्रस्त हो गए । इस दौरान ट्रक चालक और क्लीनर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से डंपर में फंसे घायलों को बाहर निकाला। तब तक चालक सुनील कुमार की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल क्लीनर विष्ण ुकांत को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मौदहा भेजा गया। जहां डाक्टरों ने उसे कानपुर रेफर कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम को भेजा है। पुलिस ट्रक चालक की तलाश में जुट गई है।