ग्राम पंचायत जैतपुर में प्रधान पति और ब्लाक प्रमुख पति पर लोहिया आवास की धनराशि का दुरुपयोग करने, धोखाधड़ी और आवासों में निर्माण घटिया कराने के मामले में परियोजना निदेशक श्रीकृष्ण पांडेय ने कोतवाली कुलपहाड़ में मुकदमा दर्ज कराया है। ग्राम पंचायत जैतपुर में 93 लोहिया आवास पात्रों के स्वीकृत हुए थे। कुछ समय पहले ग्राम जैतपुर निवासी
रामकली, मुलिया, राजू सहित एक दर्जन लोहिया आवास के पात्र लाभार्थियों ने मुख्य विकास अधिकारी एके सिंह को शपथ पत्र के साथ शिकायती पत्र सौंपकर ग्राम प्रधान पति अलाबख्श और ब्लाक प्रमुख मुन्नी खातून के पति मौला बख्श पर लोहिया आवास की धनराशि अपने खाते में स्थानांतरित कराने का आरोप लगाया था। साथ ही लोहिया आवासों का निर्माण बेहद
घटिया और मानक के अनुरूप न कराए जाने की भी शिकायत की थी। मुख्य विकास अधिकारी ने शिकायती पत्र के आधार पर परियोजना निदेशक से जांच कराई। जांच दौरान लोहिया निर्माण मानक के अनुरूप न कराए जाने और लाभार्थियों का पैसा अपने खाते में स्थानांतरण कराना पाया गया। परियोजना निदेशक ने जांच रिपोर्ट मुख्य विकास अधिकारी को सौंप दी।
सीडीओ के आदेश पर परियोजना निदेशक ने ब्लाक प्रमुख पति मौला बख्श और उसके छोटे भाई व प्रधान पति अलाबख्श के खिलाफ कोतवाली कुलपहाड़ में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज करा दिया है। इससे प्रधान और ब्लाक प्रमुख की मुश्किलें बढ़ गई हैं।