ग्राम बबेड़ी में 11वीं के छात्र की हत्या उसके ही बड़े भाई ने की थी। हत्या अवैध संबंध का विरोध करने पर की थी। आरोपी का कहना है कि मामी से उसके अवैध संबंध थे। इसकी शिकायत छोटे भाई ने मामा से कर दी थी। इसी खुन्नस में छोटे भाई को खेत में बुलाकर गोली मार दी। पुलिस ने आरोपी से तमंचा और मोबाइल बरामद कर जेल भेज दिया है।
थाना कबरई के ग्राम बबेड़ी में शनिवार की रात हुई छात्र की गोली मारकर हत्या का पुलिस ने बुधवार को खुलासा किया। पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में पुलिस अधीक्षक अनीस अहमद अंसारी ने बताया कि युवक की हत्या उसके बड़े भाई रामप्रताप उर्फ वीपी सिंह ने ही की थी। बताया कि आरोपी को मंगलवार की शाम सुरहा तिराहे से 315 बोर के तमंचा के साथ गिरफ्तार किया गया था।
उसके पास से दो मोबाइल भी बरामद हुए हैं। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि मामी से उसके अवैध संबंध थे। साल भर पहले इसकी जानकारी छोटे भाई सुरेंद्र को हो गई थी। वह अवैध संबंध का विरोध करता था। उसके मना करने पर भी यह बात मामा को बता दी थी। बताया कि आठ जुलाई को दोस्त के यहां महोबा गए भाई को उसी दिन फोन कर स्कूल में चोरी करने के लिए बुलाया।
शाम को घर आ रहे भाई को रास्ते से ही लेकर खेत में चला गया। वहां बैठकर रात होने का इंतजार करने लगा। सुरेंद्र खेत की मेड़ पर ही लेट गया। उसकी आंख लग गई तो रामप्रताप ने उसके सिर में गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस अधीक्षक ने तीन दिन में हत्याकांड का खुलासा करने पर टीम की सराहना की।
गौरतलब है कि थाना कबरई के ग्राम बबेड़ी निवासी सुरेंद्र (18) पुत्र बालिस्टर सिंह का शव नौ जुलाई को गांव के ही अनिल सिंह के खेत पर मिला था। दादा ने थाना कबरई में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस अधीक्षक अनीस अहमद अंसारी ने इस हत्याकांड का खुलासा करने के लिए थानाध्यक्ष कबरई बलजीत सिंह, एसआई विमल सिंह, एसआई बसंत लाल, कांस्टेबल मनीष कुमार, बृजेंद्र कुमार, सर्विलांस प्रभारी सुरेंद्र सिंह यादव, हेड कांस्टेबल अच्छेलाल, कांस्टेबल वीरेंद्र प्रताप सिंह, अरुण कुमार की दो टीमें बनाई थी।
छोटे भाई की गोली मारकर हत्या करने के आरोपी रामप्रताप उर्फ वीपी पर पहले भी थाना कबरई में मुकदमा दर्ज है। रामप्रताप ने वर्ष 2012 में गांव के विक्की पुत्र सुरेंद्र सिंह पर तमंचे से फायर कर दिया था। अब रामप्रताप पर भाई की हत्या और 25 आर्म्स एक्ट का भी मुकदमा दर्ज किया गया है।