बेलाताल (महोबा)। कस्बा जैतपुर के प्राचीन छैमाही माता मंदिर से शनिवार की रात चोरों ने 80 किलो वजन के पीतल के घंटे चोरी कर लिए। सुबह पूजा अर्चना के लिए पहुंचे भक्तों ने मंदिर से घंटे गायब देखे तो उनके होश उड़ गए। सूचना पर पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।
कस्बा जैतपुर में पहाड़ी पर प्राचीन छैमाही माता मंदिर स्थापित है। जहां सुबह शाम भक्त पूजा अर्चना के लिए पहुंचते है। आस्था है कि मन की मुराद पूरी होने पर भक्त मंदिर में पीतल का घंटा चढ़ाते है, जिससे मंदिर में 80 किलो वजन के दर्जनों घंटे लगे थे। रात में चोर पीतल के सभी घंटे चोरी कर ले गए। जिनकी कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई जा रही है। मंदिर में कोई पुजारी नहीं है। मेला कमेटी द्वारा मंदिर की देखरेख की जाती है। मेला कमेटी के अध्यक्ष सतीष राजपूत ने घटना की तहरीर चौकी बेलाताल में सौंपी। सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी रुद्रप्रताप सिंह ने घटनास्थल का मुआयना करते हुए जांच शुरू कर दी है।
प्राचीन मंदिर से 80 किलो वजन के पीतल के घंटे चोरी